ऐसा नया मॉडल आया जो अपने साथ नई चीजें लाया
मानगो में मिसेस इंडिया संग चैंबर अध्यक्ष ने किया लांच
एस वंदना
दक्षिण कोरिया की हुंडई मोटर्स की सहयोगी किया ऑटोमोबाइल कंपनी की सेल्टोस के नए मॉडल में ऐसा बदलाव किया गया है कि इस कार से सफर और मजेदार हो गया है। मकर संक्रांति के पहले सेल्टोस कार के नए मॉडल को लॉन्च किया गया। अब कार का सनरूफ ऐसा हो गया है कि आगे के अलावा पिछली सीट पर बैठे लोग भी जब चाहे खुले आकाश का आनंद ले सके। कार में 360 डिग्री कैमरा है। कार के किसी भी हिस्से में बैठे हो, हवा का प्रवाह ऐसा होगा कि बस मजा आ जाय। मानगो के शोरूम में मिसेस इंडिया अंजली सिन्हा के साथ सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केडिया ने इसे टाटा की नगरी में विधिवत लांच किया। अब जो चाहेगा, वो इस कार की सवारी का आनंद ले पाएगा।

मानगो के शोरूम एल्गिन किया में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के लीडर अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, विनोद शर्मा के साथ अध्यक्ष मानव केडिया का आगमन हुआ तो समाजसेवी ओम प्रकाश जग्गी ने पुष्पगुच्छ से उनका स्वागत किया। 2025 की फॉरएवर मिसेस इंडिया अंजलि सिन्हा भी नए मॉडल की सेल्टोस की चमचमाती कार के सामने थी। उद्यमी जवाहर विग, हरीश विग, कुलवंत सिंह बंटी, दिनेश शर्मा, राजन शर्मा समेत टाटा की नगरी के कई और गणमान्य लोग भी मौजूद थे। लांच होने के बाद वहां मौजूद कई लोगों की टिप्पणी थी कि मिस इंडिया खुद और कार की खूबसूरती की तुलना करा रही है। हल्की फुल्की यह टिप्पणी ही ऐसी थी कि सुनने वाले मुस्कुराए बगैर नहीं रह सके। लांचिंग के कार्यक्रम में बताया गया कि सेल्टोस के नए मॉडल में 21 नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया गया है। दुर्घटना की स्थिति आती है तो बचाव के उपाय और प्रभावी किए गए हैं। ठंड हो या बारिश, हर तरह के मौसम के लिए प्रकाश की व्यवस्था और बेहतरीन हुई है। कार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग बढ़ाया गया है। खासियत इतनी गिनाई गई कि वहां मौजूद लोगों के लिए याद रखना मुश्किल हो गया। खैर, कार्यक्रम समाप्त हुआ तो कई लोगों ने सेल्टोस का टेस्ट ड्राइव किया। और तत्काल बुकिंग भी। सेल्टोस के नए अलग अलग मॉडल की कीमत साढ़े 10 से साढ़े 19 लाख रुपए है। शोरूम के डायरेक्टर मनीष जैन, रवि जग्गी, जीएम संजय मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। मिजाजपुर्सी की।


नई सेल्टोस… पुरानी वाली से तनिक हटकर, शुभ अंक में बढ़ा दी गई 21 खासियत
एसयूवी सेगमेंट में आई सेल्टोस कार पुरानी वाली से हट कर है। शुभ अंक में 21 नई खासियत के साथ। पहले की तुलना में आकार बढ़ गया है। डायमेंशन की बात करें तो लंबाई 4,460 मिमी, चौड़ाई 1,830 मिमी और ऊंचाई 1,635 मिमी है। व्हीलबेस 2,690 मिमी का है। पुराने मॉडल के मुकाबले नई सेल्टोस की लंबाई 95 मिमी, चौड़ाई 30 मिमी और व्हीलबेस 80 मिमी बढ़ा दी गई है। इससे केबिन स्पेस अधिक हुआ है। इंटीरियर की बात करें तो अंदर दो बड़े 12.3 इंच के डिस्प्ले हैं, जिनके बीच 5 इंच की एचवीआईसी स्क्रीन है। नया थ्री स्पोक फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग व्हील है। सेंटर कंसोल पर फिजिकल बटन भी हैं। इंजन की बात करे तो यह पुराने मॉडल की तरह है। 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन 115 एचपी पावर , 1.5 लीटर डीजल इंजन 116 एचपी पावर और 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 160 एचपी पावर के साथ है।

पेट्रोल इंजन के साथ 6 स्पीड मैनुअल और सीवीटी का विकल्प है। डीजल में 6 स्पीड मैनुअल और 6 स्पीड ऑटोमैटिक उपलब्ध है। टर्बो पेट्रोल के साथ 6 स्पीड आईएमटी और 7 स्पीड डीजीटी गियर बॉक्स दिए गए हैं। नए मॉडल में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कार प्ले की सुविधा मिलती है। इसके अलावा वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 64 कलर एंबिएंट लाइटिंग, ड्यूल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, लेवल-2 एडास, 10वे पावर ड्राइवर सीट, 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, 8 स्पीकर बॉस साउंड सिस्टम और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स भी हैं। सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग, ईसीसी ईएससी, फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक, हिल होल्ड असिस्ट, टीपीएमएस, चाइल्ड सीट माउंट और रिवर्स कैमरा स्टैंडर्ड दिए गए हैं। दावा है कि पहले की तुलना में बॉडी ज्यादा मजबूत हुई है।

कई वेरिएंट…दूध में चीनी डालते जाइए और उससे बढ़ कर मिठास पाइए
नई किया सेल्टोस की कीमत 10.99 लाख से शुरू होकर 19.99 लाख रुपए तक है। कंपनी ने एचटीई, एचटीके, एचटीएक्स, जीटीएक्स समेत कई वेरिएंट पेश किए हैं। यह गाड़ी एसयूवी बाजार में क्रेटा, वोक्सवैगन टाइगुन, स्कोडा कुशाक, मारुति ग्रैंड विटारा, टोयोटा हाइराइडर, होंडा एलिवेट, एमजी एस्टर, टाटा सिएरा जैसी गाड़ियों को सीधी टक्कर दे रही है।

