टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन को कंपनी से मिली मान्यता
वेज पर वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों से ही अतरई सान्याल ने की वार्ता
कलिंगा नगर में प्रबंधन और यूनियन में पहली बार वेज पर होगा समझौता
कलिंगा नगर के कर्मचारी पहले ही वर्कर्स यूनियन पर लगाए हैं समर्थन की मुहर

अश्विनी रघुवंशी
टाटा स्टील के कलिंगा नगर प्लांट में अब सिर्फ़ एक ट्रेड यूनियन ही मान्य होगी। कलिंगा नगर के कर्मचारी पहले ही मतदान के जरिए टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन पर समर्थन की मुहर लगा चुके हैं। अब टाटा स्टील प्रबंधन ने वर्कर्स यूनियन को ही कलिंगा नगर की अधिकृत ट्रेड यूनियन के तौर पर मान्यता दे दी है। वेज रिवीजन जैसे मजदूरों के सर्वाधिक अहम मसले पर टाटा स्टील प्रबंधन ने कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन से वार्ता की है। संदेश साफ है, कलिंगा नगर के कर्मचारियों से जुड़े हर छोटे बड़े मसले पर अब कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन से ही बात की जाएगी। इसके लिए कारखाना के भीतर से बाहर तक विधिवत उसी तरह व्यवस्था बनाए जाने की कवायद शुरू हो चुकी है, जैसा कि जमशेदपुर प्लांट में है।
दरअसल, किसी भी कंपनी में मजदूरों से जुड़े मसले पर लगातार समझौते होते रहते हैं। लगातार उनका अध्ययन करना होता है ताकि भविष्य में परिस्थिति के मुताबिक उसमें सुधार किया जा सके। टाटा समूह की सभी छोटी बड़ी कंपनियों में मान्यता प्राप्त एक ही ट्रेड यूनियन है। इसकी वजह भी है। टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में हरेक डिपार्टमेंट में प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों की ज्वाइंट कंसल्टेशन काउंसिल बनी हुई है। मजदूरों से जुड़े विभाग स्तर के अधिकतर मामलों का निष्पादन ज्वाइंट काउंसिल के लोग मिल कर करते हैं। फिलहाल कलिंगा नगर में ऐसा कुछ भी नहीं है। अब टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ हर स्तर पर प्रबंधन के अधिकारियों के समन्वय की नीति बना कर उसका कार्यान्वयन किया जाएगा।
सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास की नीति पर चलेगी यूनियन

“टाटा स्टील के कलिंगा नगर प्लांट के कर्मचारियों के हर सुख दुख का ख्याल रखते हुए वे लोग लगातार कार्य कर रहे हैं। कर्मचारी हम लोग पर भरोसा करते है तो उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना बड़ी बात है। यूनियन के सारे लोग पूरी ईमानदारी और समर्पण भाव से काम कर रहे है। हम लोगों की किसी से भी प्रतिस्पर्धा नहीं है। सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास की नीति पर काम किया जाएगा।“
– रवींद्र जामुदा, अध्यक्ष, टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन
🖊️ लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं
[post-views]
