दामोदर के निधन के बाद उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे जगबंधु को मिली महामंत्री की जवाबदेही
निकल भविष्य में यूनियन के संविधान में संशोधन कर बढ़ाई जा सकती है ऑफिस बेयरर्स की संख्या

अश्विनी रघुवंशी
टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन में शीर्ष स्तर पर कुछ फेरबदल किए गए हैं। बीते मई महीने में यूनियन महामंत्री रहे दामोदर सोय का निधन हो गया था। महामंत्री का पद बेहद अहम है। सो, यूनियन उपाध्यक्ष रहे जगबंधु महंता का प्रमोशन किया गया और उन्हें महामंत्री बनाया गया। जगबंधु के प्रमोशन से उपाध्यक्ष का एक पद खाली हो गया अब उस कुर्सी के लिए दमदार और जानकार चेहरे की तलाश हो रही है। कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन की राजनीति में सक्रिय किसी चेहरे को जल्द ही यह जवाबदेही दी जा सकती है।
फिलहाल कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रवींद्र जामुदा, कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर हेस्सा, महामंत्री जगबंधु महंता, उपाध्यक्ष जयराम महंता, सहायक सचिव मांगीलाल तियू और कोषाध्यक्ष अखिल महंतो हैं। वैसे, यूनियन के संविधान में संशोधन की दिशा में विचार किया जा रहा है। ऐसा हो गया तो यूनियन में ऑफिस बेयरर्स की संख्या बढ़ भी सकती है। हरेक प्लांट में कमेटी मेंबर भी चुने जाएं, यह भी संभव है।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार है)
