आसनसोल और हटिया की रेल यात्रा के लिए भी अब टाटानगर स्टेशन को कर दिया गया टा… टा
विशाखापट्टनम जाना है तो रेल यात्रियों को अब टाटानगर के बजाय जाना होगा आदित्यपुर स्टेशन

अश्विनी रघुवंशी
टाटानगर स्टेशन पर दबाव कम करने की कवायद पूरी कर ली गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इसके लिए बाकायदा आदेश निर्गत कर दिया है। सुवर्णरेखा एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, आसनसोल टाटा एक्सप्रेस और टाटा हटिया पैसेंजर ट्रेन को अब टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से चलाया जाएगा। हरेक ट्रेन के आदित्यपुर से परिचालन की तिथि भी निर्गत हो चुकी है। ट्रेनों की समय सारिणी में भी हल्का बदलाव किया गया है।
5 फरवरी को सुवर्णरेखा धनबाद से आदित्यपुर आएगी, वही से वापसी
सुवर्णरेखा एक्सप्रेस के आवागमन में 5 फरवरी से बदलाव किया गया है। यह ट्रेन धनबाद से चल कर दोपहर 12.05 बजे आदित्यपुर पहुंच जाएगी। फिर दोपहर 3.35 बजे धनबाद वापसी के लिए वही से खुल जाएगी।
हटिया टाटा पैसेंजर की समयावधि में भी कुछ मिनट का बदलाव
हटिया टाटा पैसेंजर की समयावधि में भी कुछ मिनट का बदलाव किया गया है। आगामी 5 फरवरी से ही यह ट्रेन आदित्यपुर स्टेशन से सुबह 6 बज कर मिनट पर खुल जाएगीं। हटिया से इस ट्रेन की वापसी रात 11.35 बजे होगी।
6 फरवरी से आसनसोल टाटा के भी आदित्यपुर में ही रुक जाएंगे पहिए
आगामी 6 फरवरी से आसनसोल टाटा एक्सप्रेस के पहिए आदित्यपुर में रुक जाएंगे। यह ट्रेन आसनसोल से चल कर दोपहर 12.50 आदित्यपुर पहुंच जाएगी। 35 मिनट आदित्यपुर में रुकने के बाद यह ट्रेन दोपहर 1.25 बजे खुल जाएगी। पहले यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन पर 12.55 बजे पहुंचती थी और महज 25 मिनट रुकने के बाद टाटानगर स्टेशन से खुलती थी।
29 मार्च से विशाखापट्टनम से चलने वाली ट्रेन की मंजिल होगी आदित्यपुर
टाटानगर विशाखापत्तनम एक्सप्रेस का सफर तनिक छोटा हो जाएगा। अगले 29 मार्च से विशाखापट्टनम टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन सुबह 6.35 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी। फिर अगले दिन 30 मार्च को सुबह 7.30 बजे यह ट्रेन वही से विशाखापट्टनम के लिए खुलेगी।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार है)
