Tata Steel Kalinga Nagar : टाटा स्टील की कलिंगा नगर इकाई के कर्मचारियों के पास अफसर बनने का मौका

टाटा स्टील प्रबंधन ने निकाली आंतरिक बहाली, जो परीक्षा पास कर जायेंगे वो साहब कहलायेंगे

जो कर्मचारी प्रोन्नत होकर कंपनी अधिकारी हो जाएंगे उनका वेतन समेत सारी सुविधाएं बदल जाएंगी

जो कर्मचारी अफसर बनने का एग्जाम नहीं निकल पाएंगे वो सबकी तरह वेज रिवीजन का लाभ पाएंगे

कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन के सुझाव पर कर्मचारियों को अफसर बनने का मिला अवसर

अश्विनी रघुवंशी

टाटा स्टील की कलिंगा नगर इकाई के कर्मचारियों को सीधे अफसर बनने का अवसर मिला है। जाजपुर के हॉट स्ट्रिप मिल समेत और विभागों के लिए ओएल 2 ग्रेड के अफसर पद के लिए आंतरिक बहाली निकाली गई है। आंतरिक बहाली के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ कार्य अनुभव की अहर्ता रखी गई है। जो कर्मचारी इस अहर्ता या योग्यता को पूरी करते हैं, वो ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे भविष्य में भी कर्मचारियों को आंतरिक बहाली के जरिए कंपनी अधिकारी बनने का मौका मिलने का रास्ता बन गया है। कंपनी को जब भी जरूरत होगी, कर्मचारियों के लिए आंतरिक बहाली निकाली जा सकती है। टाटा स्टील की जमशेदपुर इकाई में सैकड़ों लोग आंतरिक बहाली के जरिए अधिकारी बने हैं। टाटा स्टील कलिंगा नगर वर्कर्स यूनियन के सुझाव पर कंपनी प्रबंधन ने यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

दरअसल, टाटा स्टील में दो श्रेणी के लोग कार्यरत है। ओपीआर और ननओपी आर। सरल भाषा में कहा जाय तो अधिकारी और कर्मचारी। किसी भी स्तर के अधिकारी की कोई यूनियन नहीं होती। उनका अलग वेतनमान होता है। उनका ग्रेड अलग होता है। अधिकारी हैं तो स्वाभाविक तौर पर उन्हें ज्यादा वेतन मिलता है और सुविधाएं भी। कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए ट्रेड यूनियन होती है जिसके साथ आवश्यक मसले पर कंपनी प्रबंधन बात करती है। अभी जो आंतरिक बहाली निकाली गई है, उसमें स्वाभाविक तौर पर कई कर्मचारी भागीदारी करेंगे। जो एग्जाम और इंटरव्यू पास कर जायेंगे, वो अफसर बन जाएंगे। फिर उनकी दुनिया बिल्कुल अलग होगी। जो एग्जाम में उत्तीर्ण नहीं हो पाएंगे, वो भविष्य में बाकी कर्मचारियों की तरह नए वेज रिवीजन का लाभ पाएंगे।

जाजपुर के हॉट ट्रिप मिल में अफसर के पांच पद को हासिल करने का मौका

टाटा स्टील प्रबंधन ने जाजपुर में हॉट ट्रिप मिल में ओएल 2 लेबल के पांच पद के लिए बहाली का सर्कुलर निकाला है। मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मेटालर्जिकल, प्रोडक्शन में कंपनी स्तर पर मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान डिप्लोमा या इंजीनियरिंग किए कर्मचारी एग्जाम में भाग ले सकते हैं। अलग अलग शैक्षणिक योग्यता के लिए अलग अलग कार्य अनुभव मांगा गया है। आवेदन देने की अंतिम तारीख 30 जनवरी निर्धारित की गई है। ऐसी ही आंतरिक बहाली और विभागों में भी निकाली गई है। कंपनी प्रबंधन द्वारा इंट्रानेट पर तत्संबंधी सर्कुलर निकाला गया हैं जिसे सारे कर्मचारी देख और समझ सकते हैं।

(लेखक स्वतंत्र पत्रकार हैं)

Back To Top