भुवनेश्वर के शहीद नगर में रक्तदान के लिए रोटरी, टीसीएस और दुर्गा पूजा समिति के लोग आए आगे
समझाया गया कि तय अंतराल में रक्त देने से शरीर होगा स्वस्थ, न कि कमजोरी आएगी
द हिंदुस्तानी रिपोर्टर, भुवनेश्वर।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर का शहीद नगर। 40 डिग्री सेल्सियस का तापमान और 70 से 80 फीसद के आंकड़े के बीच डोलती उमस। रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि ने शहीद नगर दुर्गा पूजा समिति के सहयोग से रूपाली स्क्वायर में सुबह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया। एकबारगी तो लगा कि इतनी भीषण गर्मी में लोग इस रक्तदान शिविर से दूरी बरतेंगे। मगर लोग आए। रक्त का महादान किया। जिन लोगों के शरीर पसीने से तर बतर हो गये थे, उन्होंने अगली बार रक्तदान करने का संकल्प लिया। रोटरी क्लब, टाटा कसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के भुवनेश्वर कार्यालय और शहीद नगर दुर्गा पूजा समिति के लोगों ने उत्साह के साथ रक्त दिया। शिविर की समाप्ति हुई तो 50 बोतल रक्त जमा हो गए थे। यह शिविर उम्मीद भी जगा गया कि मौसम का साथ मिला तो अगली बार और लोग रक्तदान के लिए आगे आयेंगे।

रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3262 के जिला गवर्नर रोटेरियन मनोज कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि तथा सेवानिवृत्त आईपीएस अरूप मोहन पटनायक सम्मानित अतिथि के रूप में रक्तदान शिविर में आए। अतिथियों ने ऐसे आयोजन को पीड़ित मानवता का सहयोग करार दिया। रोटरी क्लब द्वारा ऐसे प्रयास किए जाने की सराहना भी की। घोषणा की गई कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव जीवन बचाने में सहयोग करना है। शिविर के आयोजन के लिए डॉक्टर सत्यजीत दास ने सबसे बेहतर समन्वय किया। इसमें रोटरी क्लब ऑफ भुवनेश्वर नीलाद्रि के अध्यक्ष सुजीत कुमार राउत ने सबका आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर में रोटेरियन प्रीतिराज शतपथी, वासुदेव भट्ट, पुण्य श्लोक मोहंती, नकुल सुबुधि, अभिषेक मित्रा, जीतू शतपथी, अभिषेक खेमका, अमर साहू आदि सक्रिय रहे। टाटा कसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की इंटरेक्टिव यूनिट के सीनियर अधिकारी अबिनाश घोष की पहल पर कई सॉफ्वेयर डेवलपर ने भी रक्तदान के लिए उत्साह दिखाया।


::: रक्तदान का कुछ ऐसे समझाया सम्मान :::
“रोटरी क्लब ने सेवा कार्य के जरिए हमेशा समाज को राह दिखाने का काम किया है। जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन वास्तव में सराहनीय है। रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहना चाहिए।”
– मनोज कुमार त्रिपाठी, जिला गवर्नर, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट
“किसी को यह भ्रांति नहीं होनी चाहिए कि रक्तदान से शरीर में किसी तरह का क्षय होता है। अगर निर्धारित समय पर रक्तदान करते रहते हैं तो शरीर स्वस्थ रहेगा। खून का प्रवाह बेहतर रहेगा।”
– डॉक्टर सत्यजीत दास, समन्वयक
“टाटा समूह का मूल मंत्र ही व्यापार के साथ परोपकार है। मानवता के लिए रक्तदान से बेहतर उपहार कुछ और नहीं हो सकता। इसलिए टीसीएस के लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया है। हम सब भविष्य में भी परोपकारी कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते रहेंगे।”
– अबिनाश घोष, सीनियर अधिकारी, टीसीएस

